लाहौल के केलांग में आयोजित आइस हॉकी की टीमों को पुस्कृत होने के बाद।-लोक संपर्क विभाग।
केलांग के पेलचीमद रिंक पर सफल रहा आइस हॉकी का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। घाटी के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। लाहौल की पहली आइस हॉकी टीम आगामी स्पीति कप में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस उपलब्धि की नींव आइस हॉकी क्लब केलांग ने पेलचीमद आइस हॉकी रिंक पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से रखी। यह बेसिक एवं इंटरमीडिएट स्तर का आइस हॉकी प्रशिक्षण शिविर आठ जनवरी से आयोजित किया गया जिसमें लाहौल घाटी के आठ से 25 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 100 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन समारोह में उपमंडल अधिकारी कुनिका एकर्स मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद युवा टीम, आइस हॉकी क्लब केलांग की ओर से शिविर को सफल बनाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज जब देश और प्रदेश नशे जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक हिमाचल प्रदेश की आइस हॉकी टीम में स्पीति क्षेत्र के खिलाड़ियों का वर्चस्व रहा है और स्पीति से सात खिलाड़ी भारतीय महिला टीम एवं अंडर-18 पुरुष टीम में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि लाहौल के युवा भी शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।