सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। एशिया की सबसे कठिन रैलियों में शुमार रैली ऑफ हिमालया के छठे संस्करण में लाहौल के आयुष मिरुपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। तेलिंग गांव के रहने वाले युवक ने मोटरसाइकिल की स्टॉक कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल किया है। आयुष की इस उपलब्धि से कोकसर पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर है।
आयुष ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल वर्ग में 13वां स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही वह रैली ऑफ हिमालया में सबसे कम उम्र में विजेता बनने वाले प्रतिभागी बन गए हैं। आयुष के पिता राकेश चंद किसान और माता अरुणा देवी गृहिणी हैं। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार तथा कोकसर पंचायतवासियों को दिया है। आयुष की इस उपलब्धि पर स्थानीय विधायक अनुराधा और कोकसर पंचायत के प्रधान सुनील कुमार सहित क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी। संवाद