कुल्लू के सुल्तानपुर में बिजली की लाइनों को ठीक करने में जुटे कर्मी।-संवाद
प्रीणी से धुंधी मुख्य ट्रांसमिशन लाइन को भारी क्षति
वर्तमान में थिरोट पावर हाउस पर निर्भर पूरी घाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लगातार खराब मौसम और भूस्खलन के चलते लाहौल घाटी गंभीर बिजली संकट से जूझ रही है। मनाली के प्रीणी से धुंधी ट्रांसमिशन लाइन को भारी क्षति पहुंची है।
इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। मौसम की प्रतिकूलता के चलते मनाली से मरम्मत कार्य में जुटी फील्ड टीमों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूरा लाहौल क्षेत्र केवल थिरोट पावर हाउस की आपूर्ति पर निर्भर है। हालांकि, थिरोट पावर हाउस भी मुश्किलों से जूझ रहा है। पानी में सिल्ट होने और पत्थरों से हो रहे नुकसान और जल स्रोतों की अनियमितता से बिजली उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी न होने से भी मरम्मत कार्य बाधित हो रहा है।
सहायक अभियंता रजत ने कहा कि बावजूद इसके विद्युत बोर्ड की टीमें हालात को काबू में लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। बोर्ड के अनुसार बिजली आपूर्ति के लिए प्राथमिकता शिमला मुख्यालय को दी जा रही है। इसके बाद पानी और संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने घाटी की जनता से इस कठिन समय में सहयोग की अपील की है। संवाद