जिला अध्यक्ष ने बुलाई बैठक, लोस चुनाव पर भी किया जाएगा विमर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। चुनाव का बिगुल बजते ही शीत मरुस्थल में ठंड के बीच गर्माहट शुरू हो गई है। जिला कांग्रेस ने 21 मार्च को सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। इसमें लोकसभा के साथ विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी को लेकर मंथन होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञालछन ठाकुर ने बताया कि 21 मार्च को केलांग में महिला कांग्रेस कमेटी, युकां कमेटी, ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी केलांग और जिले में कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक होगी।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कमेटी ने फैसला लिया है कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए 21 मार्च को केलांग में पुराने सर्किट हाउस में बैठक कर चर्चा की जाएगी। इसमें चुनावों के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती एवं एकजुटता के लिए अपनी हाजिरी सुनिश्चित करने की अपील की है। संवाद