पतलीकूहल (कुल्लू)। जिले की ऊझी घाटी के दुर्गम क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कशेरी शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। शनिवार को स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खमिंद्र ठाकुर ने भावुक होकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि साल 2025 में क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण विद्यालय तक पहुंचने वाली संपर्क सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। यह सड़क अब तक बहाल नहीं हो पाई है। सड़क टूटने से स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। छोटे बच्चों को जोखिम भरे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ता है। मामले की गंभीरता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत संबंधित शिक्षा विभाग को विद्यालय में शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को भी यह आदेश जारी किया कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल किया जाए। संवाद