रघुपुर घाटी की राजकीय उच्च पाठशाला बनाला के लोगों में सरकार और विभाग के प्रति नाराजगी
बोले- सुनने वाला कोई नहीं, स्कूल में छठी से दसवीं तक 130 विद्यार्थी ग्रहण कर रहे हैं शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के बाह्य सराज आनी की रघुपुर घाटी की राजकीय उच्च पाठशाला बनाला में विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए कमरों की कमी चल रही है। स्कूल में नया भवन बनाया गया है।
एक साल पहले इसका लेंटर डाला गया है। अब भवन को कोई सुध लेने वाला नहीं है। आधा अधूरा काम होने से अभिभावकों में सरकार और विभाग के प्रति रोष है। प्रशासन और विभाग भी इस मामले को लेकर बेखबर है। शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समिति ने कई बार स्कूल का काम पूरा करने की गुहार पंचायत से उठाई, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। स्कूल में फनौटी और करशैईगाड़ पंचायतों के छठी से दसवीं तक 130 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नए भवन के निर्माण के लिए करीब साढ़े नौ लाख की राशि आई थी। मात्र दो कमराें के लेंटर डालने के बाद भवन का काम छोड़ दिया गया। इसमें न तो खिड़की, दरवाजे लगे और और कमरों में फर्श डाला गया है। अब अभिभावकों ने इसको लेकर मोर्चा खोल दिया है। र सरकार और शिक्षा विभाग से अधूरे काम को पूरा करने की मांग की है।
सरकार स्कूलों में बेहतर सुविधा नहीं दे रही है। एक साल पहले लेंटर पड़ा है। अब कोई सुनने वाला नहीं है। हाई स्कूल बनाला में दो पंचायतों के विद्यार्थी पढ़ने को आते हैं। -कुमार सिंह
बनाला हाई स्कूल में लेंटर पड़ने के बाद कोई सुध नहीं ले रहा है। पंचायत को भी बताया, लेकिन अनसुना किया जा रहा है। स्कूल के बच्चे मैदान में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। -मंटू ठाकुर
सरकार ने भवन मंजूर किया है। अब आधा-अधूरा छोड़ दिया है। नए भवन बनने को लेकर विद्यार्थियों में खुशी का माहौल था, मगर सरकार और विभाग की नाकामी से भवन पूरा नहीं हो पाया। - टेक सिंह ठाकुर
बनाला स्कूल में क्लास रूम के अभाव से बारिश होने पर एक ही कमरे में दो-कक्षाओं को बैठाना पड़ रहा है। अधूरे भवन का निर्माण सरकार को जल्द पूरा किया जाना चाहिए। -सीता देवी
पहली मंजिल का काम शुरू जल्द किया जाएगा। स्कूल भवन का निर्माण पंचायत की ओर से किया जा रहा है। खिड़की, दरवाजे के साथ अन्य कार्य के लिए जल्द कामगारों को लगाया जाएगा। दूसरी मंजिल निर्माण के लिए जिला प्रशासन से मांग की जाएगी। - दौलत चौहान, प्रधान ग्राम पंचायत फनौटी