उच्च पाठशाला बनाला में कमरों के अभाव से बरामदे में पढ़ाई करते विद्यार्थी। संवाद।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। उच्च पाठशाला बनाला में कमरों का अभाव है। इससे प्राइमरी और हाई स्कूल के बच्चों को तेज धूप में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्कूल का एक भवन जर्जर है। इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। स्कूल में पहली से दसवीं तक करीब 220 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बरसात, सर्दी और गर्मी इनकी पढ़ाई के लिए बाधा बन रही है। इन दिनों स्कूल के कक्षाएं खुले आसमान के नीचे धूप में चल रही हैं। बनाला स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बेली राम, अभिभावक केहर सिंह, झगड़ सिंह, संजय कुमार तथा पिंकू राम ने कहा कि बनाला स्कूल में प्राइमरी के साथ हाई स्कूल के बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्कूल की दो मंजिला भवन जर्जर है। भवन कभी भी ढह सकता है। इसे प्रशासन की कमेटी ने असुरक्षित घोषित कर दिया है। इस कारण यहां खेलते वक्त स्कूली बच्चों की जान को भी खतरा है। समिति का कहना है कि उन्होंने कई बार इस बारे में शासन और प्रशासन को बताया है। मगर कुछ भी नहीं हो रहा है। इसके अलावा अभिभावकों ने इसकी शिकायत 1100 नंबर पर भी की है।
हाई स्कूल बनाला के मुख्याध्यापक राज कुमार शर्मा ने कहा कि हाई स्कूल में कमरों की कमी चल रही है। स्कूल में सात से आठ कमरों की जरूरत है जबकि वर्तमान में चार ही कमरे हैं। ऐसे में कुछ कक्षाओं को बरामदे में बैठानी पड़ रही है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि बनाला स्कूल में कमरों की कमी को लेकर शिक्षा विभाग के एलीमेंटरी व उच्च उपनिदेशक के रिपोर्ट ली जाएगी।