कुल्लवी व्हिम्स पहली बार शोपी ऑब्जेक्ट में रहा भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
नग्गर (कुल्लू)। न्यूयॉर्क में कुल्लू के हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी सजी है। कुल्लवी व्हिम्स न्यूयॉर्क में पांच अगस्त से शोपी ऑब्जेक्ट में भाग ले रहा है। यह पहली मर्तबा है, जब कुल्लवी व्हिम्स इस प्रदर्शनी में शामिल हुआ है। यह अमेरिका के सबसे प्रभावशाली डिजाइन ट्रेड शो में से एक है।
शोपी ऑब्जेक्ट की शुरुआत 2018 में 100 ब्रांड्स के साथ हुई थी। अब यह लगभग 900 ब्रांड्स को एक छत के नीचे एकत्र कर रहा है। होम डेकोर, गहने, कपड़े और एक्सेसरीज के क्षेत्र में नए और प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। यह शो वैश्विक खुदरा विक्रेताओं और खरीदारों के लिए एक केंद्र बन गया है। जिले के नग्गर गांव से निकली कुल्लवी व्हिम्स के ब्रांड अपने अनोखे देसी ऊन, प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक हथकरघा तकनीकों के माध्यम से दुनिया के सामने हिमालयी शिल्प की सुंदरता पेश कर रहे हैं। कुल्लवी व्हिम्स की संस्थापक निशा और बृघु ने कहा कि कुशन कवर, हैडनिट जैकेट्स, पश्मीना स्कार्फ, टोपी और प्राकृतिक रंगों से तैयार नमूने शोपी ऑब्जेक्ट में प्रदर्शन पर हैं।