विधायक बोले- मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री ने दिया है आश्वासन
कहा - एक लाइफलाइन के तौर पर काम करती है यह सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। कुल्लू-मनाली वामतट सड़क को जल्द पक्का और चौड़ा किया जाएगा। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि कुल्लू-मनाली वामतट सड़क को चौड़ा करने और पक्का करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से विशेष बैठक की है।
उन्होंने इस पर गंभीरता दिखाते हुए सड़क को चौड़ा और पक्का करने का आश्वासन दिया है। भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि यह सड़क एक लाइफलाइन के तौर पर काम करती है। 80 के दशक से लेकर 2025 तक आई बाढ़ में इस सड़क ने लाइफ लाइन के तौर पर काम किया है। न केवल कुल्लू-मनाली, बल्कि लाहौल-स्पीति के बागवान और किसान अपने सेब और नगदी फसलों को देश मंडियों में पहुंचा पाए है। गौड़ ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी वामतट सड़क महत्वपूर्ण है। बाढ़ के बाद इसी सड़क के द्वारा ही मनाली का पर्यटन व्यवसाय निरंतर रफ्तार से चलता रहा। यही नहीं, सामरिक दृष्टि से भी वामतट सड़क महत्वपूर्ण है। लेह-लद्दाख के लिए सेना का रसद इसी सड़क से होकर भेजी जा सकती है। सड़क के महत्व को देखते हुए उन्होंने विधानसभा में सरकार के समक्ष प्रश्न रखा था। बताया कि सरकार की ओर से अधिग्रहण की गई जमीन तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा और इसके लिए केंद्र से भी सहायता ली जाएगी।