मनाली के सोलंगनाला में बर्फ के बीच मस्ती करने के लिए पहुंचे पर्यटक।-संवाद
कुल्लू। नेशनल हाईवे-03 कुल्लू-मनाली को पर्यटन सीजन से पहले एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) की ओर से दुरुस्त किया जाएगा। सात महीने पहले आई ब्यास की बाढ़ ने मनाली से कुल्लू तक नेशनल हाईवे को काफी क्षतिग्रस्त किया था।
कुल्लू और मनाली के बीच 11 स्थानों पर नेशनल हाईवे बाढ़ में बह गया था। इसके बाद नेशनल हाईवे को सुचारु किया जा रहा है। अब नेशनल हाईवे को क्षतिग्रस्त हुए स्थानों पर टू लेन के लिए बहाल किया है। रायसन में काम अभी अधूरा है। यहां पर काम पूरा नहीं हो पाया है।
आने वाले समय में बाढ़ से नेशनल हाईवे को कम से कम क्षति पहुंचे, इसके लिए एनएचएआई की ओर से ड्रेजिंग और आरसीसी दीवार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है। आपदा के बाद मंडी से लेकर कुल्लू तक फोरलेन को क्षति पहुंची थी। जिया से रामशिला के बीच अभी भी कुछ स्थानों पर नेशनल हाईवे ठीक नहीं हुआ है।
नेशनल हाईवे में भूतनाथ पुल के पास सड़क एक तरफ से नीचे धंसी हुई है। यहां से सिर्फ एक गाड़ी की क्राॅसिंग की जगह बची है। रामशिला के समीप देवधार में भूस्खलन का मलबा आधी सड़क तक आया है। इसे भी अभी तक हटाया जाना बाकी है। पर्यटन सीजन से पहले नेशनल हाईवे के बेहतर होने से कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को राहत मिलेगी।
.............
कुल्लू-मनाली के बीच क्षतिग्रस्त स्थानों को सुरक्षित करने के लिए ड्रेजिंग और आरसीसी की दीवार बनाकर पक्का करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। पर्यटन सीजन से पहले हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा।
-वरुण चारी, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
..संवाद