संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में जिला कुल्लू को श्रेष्ठ पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार को पाने वाला कुल्लू जिला प्रदेश का पहला जिला बन गया है। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के मौके पर मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने यह पुरस्कार जिला खाद्य सुरक्षा की सहायक आयुक्त भाविता टंडन को नई दिल्ली में प्रदान किया।
समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों के 75 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिन्होंने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। बताया जा रहा है कि आजादी के पचहत्तरवें महोत्सव के मौके पर देशभर के 75 जिलों को इसके लिए चुना गया था। जिला खाद्य सुरक्षा की सहायक आयुक्त भविता टंडन ने कहा कि जिला कुल्लू खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों पर खरा उतारा है। इसमें खाद्य पदार्थों के समय-समय पर लिए जाने वाले सैंपल तथा इससे जुड़े लोगों को लाइसेंस प्रदान करने सहित अन्य बिंदुओं में जिला कुल्लू अव्वल रहा है।
कहा कि जिले के लिए यह पुरस्कार गौरव की बात है और उन्हें भविष्य में दोगुनी ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। समारोह में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण सिंघल तथा केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण भी मौजूद रहे। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेशभर में जिला कुल्लू को इनाम मिला है, यह गौरव की बात है।