फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: कुल्लू में क्रिसमस की चमक से खिला 100 करोड़ का कारोबार

Fri, 26 Dec 2025 10:18 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुल्लू
विज्ञापन
विज्ञापन
क्रिसमस मनाने के लिए जिले के पर्यटन स्थलों में पहुंचे 8,000 पर्यटकों के वाहन
विज्ञापन

80 हजार सैलानियों ने घाटी का रुख कर मनाया जश्न, कारोबारियों के चेहरे खिले
जिभी, मणिकर्ण और मनाली में रही रौनक, छह माह बाद गुलजार रहीं वादियां
रोशन ठाकुर
कुल्लू। आपदा के बाद लंबे समय तक सूने पड़े पर्यटन स्थलों में क्रिसमस ने फिर से रौनक लौटा दी है। कुल्लू जिले में क्रिसमस के अवसर पर करीब 8,000 पर्यटक वाहनों की आमद दर्ज की गई।
लगभग 80 हजार सैलानियों ने घाटी का रुख किया। इस दौरान पर्यटन कारोबार से करीब 100 करोड़ रुपये का लेन-देन होने का अनुमान है। इससे होटल, होमस्टे और छोटे कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। 24 और 25 दिसंबर को सबसे अधिक 5,000 पर्यटक वाहन पर्यटन नगरी मनाली आए हैं। पार्वती घाटी में दो दिन में मणिकर्ण में 1,800 और बंजार घाटी में करीब 1,200 वाहन पहुंचे हैं। आपदा के बाद हजारों सैलानियों के वाहनों के आने से कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।
विज्ञापन

आपदा के छह माह बाद मनाली, मणिकर्ण, तीर्थन और जिभी वैली में रौनक देखने को मिली। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मनाली के साथ भुंतर से कसोल, मणिकर्ण मार्ग के साथ औट-बंजार सैंज हाईवे-305 पर वाहन रेंगते रहे। कई सैलानी अपने होटल और होमस्टे में दो से तीन घंटे देरी से पहुंचे। बताया जा रहा है कि क्रिसमस पर जिले में होटलों और होमस्टे की ऑक्यूपेंसी करीब 70 से 80 फीसदी रही। इस दौरान पहुंचे लगभग 80,000 पर्यटकों की भीड़ से कारोबारियों को नववर्ष और विंटर सीजन के भी अच्छे चलने की उम्मीद है।

आपदा से समय से पहले सिमट गया था कारोबार
पर्यटन कारोबारी गजेंद्र ठाकुर, गौतम ठाकुर और राजेंद्र प्रकाश ललित कुमार ने कहा कि इस बार मानसून ने 25 जून को जिले में तबाही मचा दी थी। इससे पर्यटन सीजन समय से पहले ही सिमट गया था। कुल्लू के तमाम हाईवे और मुख्य सड़कों को आपदा ने तहस-नहस कर दिया था। उन्हाेंने कहा कि क्रिसमस पर हजारों सैलानी पहुंचे हैं। इससे होटल, होमस्टे के साथ रेहड़ी-फड़ी, रेस्तरां, ढाबा, टैक्सी, रिवर राफ्टिंग का कारोबार चल निकला। सैलानियों ने साहसिक गतिविधियों का खूब आनंद उठाया।
विज्ञापन


क्रिसमस पर पर्यटन स्थलों में सैलानियाें की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। क्रिसमस पर 24 और 25 दिसंबर के दौरान लगभग 100 करोड़ का कारोबार हुआ है। - गजेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें