जकशांग नाला में गिरे हिमखंड की दीवार काटकर बहाल किया गया कोकसर संपर्क मार्ग। -संवाद
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल के जकशांग नाला में गिरे हिमखंड को दस दिन बाद हटा दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के कर्मियों को कोकसर संपर्क मार्ग को बहाल करने में कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी है। 29 अप्रैल को कोकसर गांव के समीप जकशांग नाला में हिमखंड गिरा था। इस कारण गांव का जिला मुख्यालय केलांग से संपर्क कट गया था। मगर 10 दिन बाद कोकसर दोबारा मुख्यालय केलांग समेत मनाली से जुड़ा है।
कोकसर संपर्क मार्ग से करीब 60 फीट ऊंची बर्फ की दीवार को काटकर लोक निर्माण विभाग ने वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। विभाग की एक मशीन इस मार्ग को खोलने में जुटी रही। संपर्क मार्ग यातायात के लिए बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग से कोकसर गांव तक जल्द बस सेवा बहाल करने की मांग की उठाई है।
कोकसर पंचायत के उपप्रधान प्रदीप और ग्रामीण अमर, अनूप, रमेश ने कहा कि जकशांग नाला में गिरे हिमखंड को लोक निर्माण विभाग ने हटाया है। इसके लिए ग्रामीण विभाग का आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि संपर्क मार्ग बहाल होने पर अब परिवहन निगम बस सेवा शुरू करें, ताकि ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी न आए।