कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में छात्र एवं छात्रा वर्ग की अंडर-19 एथलेटिक्स मीट आयोजित की गई। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खराहल के खिलाड़ियों ने इतिहास रचा है। जिले में पहली बार ऐसा हुआ है कि एथलेटिक्स मीट में छात्र और छात्रा वर्ग की ट्रॉफी एक ही स्कूल ने जीती। खराहल स्कूल के खिलाड़ियों ने यह इतिहास रचा है।
जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र एवं छात्रा वर्ग की एथलेटिक्स मीट में खराहल स्कूल ओवरआल विजेता बना है। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न श्रेणियों में 33 पदक हासिल किए हैं। लंबी कूद, ऊंची कूद, शाटपुट, भाला फेंक प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय कुल्लू में आयोजित एथलेटिक्स मीट में कुल्लू के छह शिक्षा खंडों के 36 स्कूलों के 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विजेता बनने के लिए खिलाड़ियों ने रविवार को पूरा दिन मैदान में खूब पसीना बहाया। छात्र वर्ग में बेस्ट एथलीट का खिताब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गड़सा के खिलाड़ी सौरव को मिला है।
सौरव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में पहला और लंबी कूद में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार छात्रा वर्ग में सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दियार की खिलाड़ी सृष्टि को मिला है। सृष्टि ने 100 और 200 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद में पहला स्थान हासिल किया है। संवाद