एसकेटीटी सड़क पर जाहलमा नाले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद इस पुल से होकर वाहनों की आवाजाही प
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बनाए गए अस्थायी मार्ग पर लगातार लग रहे जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने हालिंग-जसरथ-हिडिंबा सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। केलांग से उदयपुर की ओर जाने वाले वाहनों को अब इसी मार्ग से भेजा जा रहा है। जाहलमा नाले में बीआरओ की ओर से बनाई गई करीब 500 मीटर लंबी अस्थायी सड़क संकरी होने के साथ-साथ उतार-चढ़ाव वाली है। दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही होने पर यहां जाम की स्थिति बन रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि केलांग से उदयपुर की ओर आने वाले वाहनों को जाहलमा नाला पार करने के बाद हालिंग-जसरथ-हिडिंबा सड़क के रास्ते आगे भेजा जा रहा है। इस मार्ग का उपयोग करने से वाहन चालकों को जाहलमा बाजार में प्रवेश नहीं करना पड़ता और वे सीधे मुख्य सड़क से जुड़कर उदयपुर की ओर निकल सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। जाम से बचने के लिए कई चालक स्वयं भी इस वैकल्पिक मार्ग का चयन कर रहे हैं। हालिंग-जसरथ-हिडिंबा सड़क पर कुछ हिस्सों की हालत खराब है। एसपी शिवानी मेहला ने कहा कि सड़क के दो-तीन खराब हिस्सों की मरम्मत के लिए बीआरओ को सिफारिश की जाएगी, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधा मिल सके। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। संवाद