केलांग बस अड्डा और अस्पताल सड़क भी होगी चकाचक
साडा से खर्च किया जाएगा बजट, गड्ढा मुक्त होंगी सड़कें
अशोक राणा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग अब नई चमक के साथ नजर आने वाला है।
साडा के करोड़ों रुपये के बजट से जिला प्रशासन ने कस्बे की तमाम सड़कों को पेवर और सीमेंट कंक्रीट से संवारने का कार्य शुरू कर दिया है। अब शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त नजर आएंगी। परियोजना के पूरा होने पर न केवल स्थानीय लोगों बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी गड्ढा-मुक्त और चकाचक सड़कें मिलेंगी।
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा के प्रयासों से यह कार्य संभव हुआ है। जिला प्रशासन भी इस विकास कार्य में पूरा सहयोग दे रहा है। इस योजना के तहत केलांग बस अड्डा सड़क, क्षेत्रीय अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क और कस्बे का मुख्य मार्ग शामिल हैं।
अब तक अस्पताल और बस अड्डे की ओर जाने वाली सड़कों की स्थिति काफी खराब थी और जगह-जगह गड्ढे बन चुके थे। अब इन सड़कों पर सीमेंट कंक्रीट बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
विधायक अनुराधा ने कहा कि जिले में विकास कार्य रुकने नहीं दिए जाएंगे। बीते वर्ष 40 लाख रुपये से केलांग की मुख्य सड़क पर पेवर बिछाया गया था। इस वर्ष अतिरिक्त 40 लाख रुपये के बजट से और पेवर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल और बस अड्डे की सड़कों पर सीमेंट कंक्रीट बिछाने में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अनुराधा राणा की दूरदर्शी सोच से विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है। केलांग के सौंदर्यीकरण और कस्बे में आम लोगों की आवाजाही बेहतर हो, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। पेवर बिछने से सड़कें चकाचक होगी। - दोरजे, निवासी केलांग
जिला मुख्यालय की जर्जर सड़कों को सुधारने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। इससे न केवल केलांग की सड़कें ठीक होंगी, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। पेवर और कंक्रीट से सड़कों को नया रूप मिलेगा। -सुरेश, निवासी केलांग