केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति के स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद बंधी हैं। इस ओर एक अहम कदम उठाते हुए सरकार ने नागरिक अस्पताल काजा में लंबे समय से रिक्त चल रहे खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के पद पर नियुक्ति कर दी है।
जिला हमीरपुर के नागरिक अस्पताल बड़सर में तैनात डॉ. ब्रिजेश शर्मा का तबादला अब काजा अस्पताल में खंड चिकित्सा अधिकारी के पद पर किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को सर्दियों में राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही काजा अस्पताल में बीएमओ की नियुक्ति घाटी के लोगों के लिए बेहद अहम साबित होगी।
इस नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीदें बढ़ी हैं और अब क्षेत्र के लोग बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। लोगों ने इस दिशा में विधायक अनुराधा राणा के प्रयासों की सराहना की है।
विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में कुछ अहम विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर भी प्रयास चल रहे हैं। जिले में सर्दी के मौसम में सबसे अधिक चिंता स्वास्थ्य सेवाओं की रहती है, इसको लेकर सरकार के साथ तालमेल बनाए रखा जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) केलांग डॉ. रोशन लाल ने नागरिक अस्पताल काजा के लिए डाॅ. ब्रिजेश शर्मा के तबादला आदेश होने की पुष्टि की है।