मनाली। स्वास्थ्य निदेशालय से आई तीन सदस्यीय टीम ने बुधवार को नागरिक अस्पताल मनाली में सुविधाओं की जांच की। योजना के तहत सभी मानकों में अव्वल रहने पर लगभग 35 लाख रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है।
टीम ने अस्पताल में स्वास्थ्य, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। अस्पताल में पहुंचकर टीम ने ओपीडी समेत अस्पताल के इंडोर वार्ड, आईसीयू वार्ड, ड्यूटी रूम, अल्ट्रासाउंड कक्ष, प्रयोगशाला, एक्स-रे, शौचालय, ऑपरेशन थियेटर, कैंटीन आदि का निरीक्षण किया। इसके अलावा डाॅक्टर ड्यूटी कक्ष और नर्स रूम की भी जांच की। अस्पताल का पूरा रिकाॅर्ड जांचने के बाद टीम लौट गई। टीम ने अस्पताल में भर्ती और उपचार करवाने आए मरीजों से भी बातचीत की। निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट स्वास्थ्य निदेशालय भेजी जाएगी। इसके बाद व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। गौरतलब है कि स्वास्थ्य निदेशालय की कायाकल्प टीम प्रदेशभर के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण कर रही है। मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार कर अव्वल रहने वाले अस्पताल को कायाकल्प पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खंड चिकित्सा अधिकारी करण ने बताया कि दिनभर निरीक्षण चला। वीरवार को टीम कुल्लू के तेगूबेहड़ और शुक्रवार को पतलीकूहल अस्पताल का निरीक्षण करेगी।