अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट समिति कुल्लू की ओर से आयोजित दो दिवसीय कराटे प्रतियोगिता का आगाज शनिवार को भुंतर में हुआ। इसका शुभारंभ नगर पंचायत के प्रधान कर्ण सिंह ठाकुर ने किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न वर्गों के पहले, दूसरे व क्वार्टर फाइनल राउंड के मुकाबले खेले गए। सात साल आयु के बच्चों के वर्ग में 19 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कार्तिकांश ने स्वर्ण पदक जीता। जसमीत ने सिल्वर व चिन्मय और गुलशन को कांस्य पदक हासिल किया। 23 किलोग्राम से कम भार वर्ग में संभव शर्मा को गोल्ड, सुखमन प्रीत को सिल्वर, अदर्भ व कमल प्रीत को कांस्य पदक मिला।
32 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शिव्यांश को गोल्ड और क्षितिज को रजत पदक हासिल हुआ। प्रतियोगिता में सैंसाई हंस राज, कृष्ण लाल, खूब राम, दिलीप, संजय, हरीश कुमार, अंकुश, विजय, जगदीश लालटा ने रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। अकादमी के प्रधान रणबीर ठाकुर ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में प्रदेश के दस जिलों मंडी, कांगड़ा, सोलन, कुल्लू, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, शिमला, चंबा, सिरमौर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
शुभारंभ मौके पर संस्था के वाईस चेयरमैन धनवीर ठाकुर, महासचिव संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष विपिन चंदेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार सूद, सहसचिव जितेंद्र पठानिया सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रतियोगिता के समापन मौके पर पूर्व बागबानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 38 स्कूलों के 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।