कुल्लवी नाटी और डांस की प्रस्तुतियों से छात्र-छात्राओं ने लूटी वाहवाही
राजकीय उच्च पाठशाला बनाला के वार्षिकोत्सव में मेधावी किए पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय उच्च पाठशाला बनाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी।
रघुपुर घाटी की राजकीय उच्च पाठशाला बनाला में मनाए गए कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थी सुबह ही सज-धज कर स्कूल पहुंचे। 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम के मुख्यातिथि आनी भाजपा के उपाध्यक्ष उगम राम ठाकुर रहे। करशैईगाड़ पंचायत के पूर्व प्रधान कौंर सिंह और व्यवसायी अशोक कुमार विशेष अतिथि थे। सरस्वती वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम के बाद स्कूल के कार्यकारी मुख्य अध्यापक टीजीटी विजय कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सालाना गतिविधियों को अभिभावकों के सामने रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। स्कूल की छात्राओं ने कुल्लवी नाटी के साथ डांस और अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। छठी कक्षा की कनु, ममता व पीयूष राणा को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने पर पुरस्कृत किया गया। सातवीं कक्षा से रीना कुमारी, प्रेरणा और एला शर्मा, आठवीं से लीना नेगी, रागिनी, बबीता व प्रिया, नौवीं कक्षा से वर्षा कुमारी, कर्ण नेगी, मोरेेश नेगी, मनीषा व राहुल राठौर और दसवीं कक्षा से अपूर्व पराशर, प्रवीन नेगी, प्रिया शर्मा और वर्षा रानी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूल शिक्षक संजय ठाकुर व हीरा लाल ठाकुर मौजूद रहे।