उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। मनाली-किलाड़ सड़क पर जुंडा नाले पर बना पुल बीआरओ ने यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। पुल की मरम्मत के चलते बीआरओ ने 11 और 12 जून दो दिन के लिए इस पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी। ऐेसे में 12 जून को शाम करीब सवा पांच बजे सीमा सड़क संगठन की विशेषज्ञ टीम व कामगारों ने कड़ी मशक्कत के बाद निर्धारित लक्ष्य के भीतर ही पुल बहाल कर दिया।
हालांकि इस पुल से यातायात बंद के दौरान छोटे वाहनों को आवाजाही जारी रही। साथ ही सभी छोटे वाहन संपर्क सड़क जसरथ-तड़ंग होते हुए अपने गंतव्यों की ओर निकलते रहे। बीआरओ का यह पुल उपमंडल उदयपुर के साथ चंबा जिले की पांगी घाटी को भी केलांग, मनाली व कुल्लू से जोड़ता है। सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते अभी इस ओर किसी तरह का अत्यधिक ट्रैफिक नहीं है। प्रदेश में पर्यटकों को आने की अनुमति के बाद अब अटल टनल रोहतांग से इस ओर भी भारी ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावनाएं हैं। अब जुंडा पुल दुरुस्त होने से आवाजाही करने वालों को दिक्कत नहीं होगी। पुल से पांगी घाटी के लिए भी खाद्यान्न वस्तुओं, आवश्यक सामग्री, नगदी फसलों के वाहनों की आवाजाही के साथ रोजाना बसें चलती हैं। इस क्षेत्र की ओर अनेक धार्मिक स्थल होने के साथ ही भारी संख्या में पर्यटक भी सफर करते हैं। अब संगठन केलांग-उदयपुर मार्ग पर शांशा पुल को भी दुरुस्त करने की तैयारियों में है। सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी के ओसी दीपक भगत ने बताया कि शनिवार को मरम्मत के बाद करीब सवा पांच बजे जुंडा पुल यातायात के लिए बहाल कर दिया है।