बंजार (कुल्लू)। नागरिक अस्पताल बंजार के वार्ड में मरीजों के ऊपर चलता हुआ छत का पंखा गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बंजार ने न्यायिक जांच के आदेश जारी किए हैं। मामले की जांच तहसीलदार बंजार करेंगे और उन्हें सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नागरिक अस्पताल बंजार के वार्ड में भर्ती मरीजों पर चलता हुआ पंखा गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
हालांकि इस घटना में किसी मरीज को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है। जांच में घटना के कारणों, संभावित लापरवाही और जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों की भी पड़ताल की जाएगी। संवाद