कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में न्यायिक जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। जांच 15 जुलाई तक पूरी कर रिपोर्ट उपायुक्त कुल्लू को सौंप दी जाएगी। मामले में डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ, मृतका के पति और अन्य परिजनों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अब मृतक महिला की बहन का बयान भी दर्ज होने के बाद जांच प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है।
उपमंडलाधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि मामले में प्रत्येक पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से संबंधित रिकॉर्ड पहले ही अपने कब्जे में लेकर उसका परीक्षण किया जा चुका है। डॉक्टरों और स्टाफ के साथ-साथ परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। मृतक महिला की बहन का बयान शेष था, जिसे अब दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक जांच पूरी कर रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी जाएगी।
21 जून को क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और सामाजिक संगठनों ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने न्यायिक जांच के आदेश दिए थे, जिसके तहत फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है।