हाई स्कूल भूंलग में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
विद्यार्थियों को दिलाई बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बाल विवाह मुक्त भारत के लिए 100 दिन के गहन जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को हाई स्कूल भूंलग में कार्यक्रम हुआ। बाल विकास परियोजना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं।
इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। बाल विकास परियाेजना अधिकारी गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 27 नवंबर से 08 मार्च 2026 तक चलेगा। पहले चरण में स्कूल और कॉलेज, दूसरे चरण में धार्मिक स्थलों और विवाह आयोजन स्थल जबकि तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों और अध्यापकों को बाल विवाह अधिनियम, विवाह की सही उम्र, बाल विवाह के दुष्परिणाम, पोक्सो अधिनियम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यवेक्षक नरेश कौंडल ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वो दिन योजना पर प्रकाश डाला। किशोर स्वास्थ्य काउंसलर मनीष कुमार ने ड्रग्स और अन्य नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। बाल विवाह विषय पर हुई भाषण प्रतियोगिता में जितेंद्र ठाकुर ने पहला, कोमल ने दूसरा, देवांश ने तीसरा, चित्रकला में मनीषा पहले, गीत दूसरे, उदय ठाकुर तीसरे, नारा लेखन में रिधिमा ने पहला, कोमल ने दूसरा और स्नेहा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस दौरान कार्यकारी मुख्याध्यापिका सीमा कुमारी, प्रीतम सिंह, नीरज कुमार, खंड समन्वयक नैैनिता शर्मा, सुजान शर्मा आदि मौजूद रहे।