कुल्लू। रिवर राफ्टिंग ट्रेनिंग सेंटर पिरड़ी में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान एवं एलाइड स्पोर्ट्स की ओर से 5 राज्यों के 50 एनएसएस स्वयंसेवियों को 10 दिवसीय एडवेंचर स्पोर्ट्स की गतिविधियां सिखाई जा रही हैं। स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन बुधवार को प्रतिभागी पिरड़ी रिवर राफ्टिंग से पैदल रामशिला होते हुए रघुनाथ मंदिर के दर्शन कर ढालपुर मैदान पहुंचे। उन्होंने पैदल मार्च के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए जागरूक किया। रिवर राफ्टिंग सेंटर पिरड़ी के प्रभारी गिमनर सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से हर क्षेत्र में सक्षम बनाना है। शिविर में हरियाणा, आंध्रप्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु और बिहार के 50 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। संवाद