मनाली (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर स्थित शवरी माता के मंदिर में चोरी की वारदात हुई है। शातिर मंदिर में दाखिल होकर चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए हैं। वहीं सीसीटीवी, डीवीआर और एलईडी स्क्रीन भी मंदिर से गायब है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को इस संबंध में मनाली थाना में चोरी की शिकायत दर्ज हुई है। मंदिर के पुजारी किशन चंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि गांव की एक महिला ने सुबह सूचना दी कि मंदिर के ताले टूटे हुए है। जब मंदिर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे और दानपात्र के कुंड भी टूटे हुए थे। इसके बाद मंदिर कमेटी और कारदार को सूचित किया। मंदिर का दरवाजा खोला तो भीतर सामान बिखरा पड़ा था।
मंदिर के गर्भगृह से चांदी का मोहरा, चांदी का हार, चांदी की टीक, चांदी की आरती, पीतल के मोहरा, अलमारी से डीवीआर, सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन, चांदी के सामान से भरी अटैची और दानपात्र से लगभग 25,000 रुपये नकद गायब थी। मंदिर में लगभग 1.75 लाख रुपये की चोरी हुई है।शिकायत के बाद थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने खुद मौके का जायजा लिया। वहीं पुलिस अब आसपास के होटलों व घरों में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाल रही है।
एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।