कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित पीज पैराग्लाइडिंग साइट में इन दिनों सैलानी पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटन सीजन के बीच जिला में साहसिक गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। कुल्लू शहर के समीप पीज पैराग्लाइडिंग साइट होने के चलते यहां पर पर्यटकों की रौनक भी देखने को मिल रही है।
नेशनल हाईवे से भुंतर पहुंचने के बाद सैलानी कुल्लू में पैराग्लाइडिंग के लिए रुक रहे हैं। इसके बाद ही मनाली का रुख कर रहे हैं। शाम के समय भी कल्लू के बाजारों में पर्यटकों की खूब चहल-पहल नजर आ रही है। शनिवार को भी सुबह 10:00 बजे के बाद पैराग्लाइडर की उड़ानों का सिलसिला शुरू हुआ, जो दोपहर तक चलता रहा।
हालांकि इसके बाद हल्की बारिश के चलते शाम के समय उड़ानें नहीं हो पाई। इसके साथ ही जिला की साइटों पर भी पैराग्लाइडिंग के लिए पर्यटकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी ऑपरेटरों को बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारी शेर सिंह नेगी ने कहा कि साहसिक गतिविधियों से युवाओं को घर-द्वार रोजगार मिल रहा है।