कुल्लू। जिला मुख्यालय में पीलिया के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल में आठ और मरीजों को भर्ती किया गया है। ये ढालपुर और गांधीनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
अब अस्पताल में भर्ती पीलिया से ग्रस्त मरीजों की संख्या 36 पहुंच गई है। डॉक्टरों के अनुसार इन सभी मरीजों में हेपेटाइटस-ए के लक्षण पाए गए हैं।
उधर, जल शक्ति विभाग ने भी पीलिया फैलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक इसके कारणों पता नहीं चल पाया है। विभाग ने 11 सैंपल भरे हैं, जिसमें 10 मानकों पर खरे उतरे हैं और एक सैंपल फेल हो गया है।
विभाग के अनुसार यह सैंपल शेताफाट में शोधन संयंत्र (ट्रीटमेंट प्लांट) से पीछे के स्रोत का था। जल शक्ति मंडल कुल्लू के सहायक अभियंता अंकित विष्ट ने स्पष्ट किया है कि विभाग की टीम ने शहर के दोनों जल शोधन संयंत्रों (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) के साथ सभी 20 सेक्टर स्टोरेज टैंकों की सफाई कर ली है।
संक्रमण फैलने की रोकथाम का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही दोनों जल स्रोतों का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी भी प्रकार के प्रदूषणकारी पदार्थ या सामग्री नहीं पाई गई। इस दौरान कहीं भी कोई पाइपलाइन सीवरेज से दूषित होने की भी संभावना नहीं पाई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डाॅ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि बुधवार को पीलिया के आठ नए मामले सामने आए हैं। सभी को उपचार दिया जा रहा है।
निजी पाइपलाइन की जांच करने की अपील
जल शक्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अपने निजी जल कनेक्शनों की पाइपलाइन की जांच करने का आग्रह किया है। इसके साथ लोगों से अपने निजी जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई करने और उन्हें ढककर रखने की भी अपील की है, ताकि इस तरह के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।