कुल्लू। एचपीवी टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुल्लू जिले के जरी ब्लॉक को उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एक अक्तूबर को शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा एवं पुन: उन्मुखीकरण कार्यशाला में बीएमओ जरी डॉ. नम्रता विद्यार्थी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग के सचिव आशीष सिंहमार ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
डॉ. नम्रता विद्यार्थी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में जरी ब्लॉक की स्वास्थ्य टीम ने पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने, लोगों को जागरूक करने और अभियान की प्रभावी निगरानी में अहम भूमिका निभाई। आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और फील्ड स्टाफ ने घर-घर जाकर बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि टीम के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी टीम भावना और प्रतिबद्धता के साथ स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। संवाद