कुल्लू। सब्जी मंडी भुंतर में वीरवार को जापानी फल 215 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका। चंडीगढ़ के एक व्यापारी ने यह फल खरीदा। सीजन अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद जापानी फल के अच्छे दाम मिलने से बागवानों को राहत मिली है। बाजार में सीमित मात्रा में उपलब्ध इस फल की मांग बनी हुई है।
विज्ञापन
बागवान चोबे राम ने बताया कि इस बार जापानी फल के अच्छे दाम मिले हैं। उन्होंने वीरवार को अपने बगीचे में बचे जापानी फल का तुड़ान कर उसे बिक्री के लिए भुंतर मंडी पहुंचाया। यहां उन्हें 215 रुपये प्रति किलो का भाव मिला। उन्होंने कहा कि सीजन के अंतिम दिनों में भी बेहतर दाम मिलने से बागवानों को राहत मिली है। इससे पहले बुधवार को भुंतर मंडी में जापानी फल 170 से 180 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका था।