मनाली। कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने मनाली और आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) एलपीजी सिलिंडरों के वितरण में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। वीरवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिलिंडरों के आवंटन की कोई पारदर्शी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
गौतम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में सैकड़ों प्रवासी लोग बिना किसी स्पष्ट पंजीकरण के व्यावसायिक सिलिंडर प्राप्त कर रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि वे किस डीलरशिप से जुड़े हैं और किन दस्तावेजों के आधार पर उन्हें सिलिंडर दिए जा रहे हैं। इस अव्यवस्था के कारण स्थानीय पंजीकृत होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अपंजीकृत लोगों को आसानी से सिलिंडर मिलने से पूरी वितरण प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हें। गौतम ठाकुर ने प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच की मांग की है। संवाद