रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। गर्मी शुरू होते ही जिला लाहौल-स्पीति में प्रवासी मजदूर और नेपाल मूल के कामगार आना शुरू हो गए हैं। प्रवासी मजदूरों और अन्य कार्य करने वालों प्रवासियों और जिले में घटित होने वाले अपराधों में संलिप्तता को देखकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस ने प्रवासी मजदूरों और अन्य कार्य करने वालों का पुलिस चौकी और पुलिस थाना में पंजीकरण करवाने को कहा है। पंचायत के प्रतिनिधियों से भी पुलिस ने इसमें सहयोग करने को कहा है।
एसपी लाहौल-स्पीति मयंक चौधरी ने कहा कि ठेकेदार और अन्य लोग प्रवासी मजूदरों को अपने पास काम पर रखने से पहले इनका पंजीकरण संबंधित पुलिस थाना व चौकी में करवाना सुनिश्चित करें। हालांकि इसका मकसद आपराधिक घटना में संलिप्त होने पर पुलिस के पास इनका रिकॉर्ड होगा और पुलिस ऐसी स्थिति में अपराधियों तक पहुंच सकेगी।
गौर रहे कि अटल टनल रोहतांग बनने के बाद हजारों की संख्या में पर्यटक लाहौल की वादियों में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा प्रवासी मजदूर भी गर्मियों में काम के लिए घाटी में पहुंचते हैं। पुलिस चौकी कोकसर की ओर से कोकसर पंचायत को इस संबंध में पत्र भी भेजा गया है। एसपी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आए प्रवासी मजदूरों और अन्य कार्य करने वालों का पुलिस थाना और चौकी में पंजीकरण सुनिश्चित करवाएं।