कुल्लू के खराहल स्थित बन रहे नवनिर्मित बिजली महादेव मंदिर में जलकर राख हुई नक्काशी की गई लकड़ी
- फोटो : अमर उजाला
खराहल घाटी के चंसारी पंचायत के थर्कू गांव में बिजली महादेव के निर्माणाधीन मंदिर के लिए निर्मित नक्काशीयुक्त लकड़ी शुक्रवार रात्रि को जलकर राख हो गई। आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घटना में करीब 15 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। शुक्रवार रात्रि करीब 12 बजे आग लगने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए भरसक प्रयास किए। लेकिन बेकाबू आग पर काबू न पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन इससे पहले नक्काशीयुक्त लकड़ी जलकर राख हो गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर छानबीन की। लकड़ी के शेड में मिस्त्री का सामान, प्लेनर, 2 कटर, रूटर, खराद की मशीन सहित सभी औजार आग की भेंट चढ़ गए। नक्काशीयुक्त लकड़ी में 18 खंभे, 25 तख्ते, 10 कड़ियां, 12 फुट के 30 स्लीपर तथा 15 तख्ते राख हो गए। प्रशासन की ओर से पटवारी ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है। वहीं, कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने भी मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने उचित सहायता का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चंसारी के प्रधान सुभाष ठाकुर, सचिव, पंच और बीडीसी सदस्य हेमराज मौके पर मौजूद रहे।