टीसी-223 में डीएवी मनाली के एनसीसी एयर विंग कैडेट्स का शानदार प्रदर्शन।-स्कूल प्रबंधन
मनाली। डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली के एनसीसी एयरविंग के कैडेट्स ने एनआईटी हमीरपुर में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया। शिविर में डीएवी मनाली के 30 कैडेट्स शामिल हुए।
कैडेट्स को रक्षा सेवाओं, नशा जागरूकता, व्यक्तित्व विकास, म्यूजिक थेरेपी और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। एयरोमॉडलिंग, फायरिंग, ड्रिल, सांस्कृतिक गतिविधियों, टीम-बिल्डिंग अभ्यास और प्राथमिक उपचार का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतियोगिताओं में डीएवी मनाली के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
100 मीटर जूनियर विंग में सेजल ने रजत पदक जीता। 200 मीटर और 800 मीटर जूनियर विंग में सिहोना ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 1500 मीटर जूनियर डिवीजन में पृथ्वी और 400 मीटर जूनियर डिवीजन में हृदय ने रजत पदक जीते। वॉलीबाल प्रतियोगिता और एयरोमॉडलिंग एवं ग्लाइडर प्रतियोगिता (स्टेटिक मॉडल) में भी डीएवी मनाली ने स्वर्ण पदक जीते। शिविर के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली के एएनओ विनय कुमार को बेस्ट सर्विसेज पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या अनीता वर्मा ने सभी को बधाई दी है। संवाद