केलांग (लाहौल स्पीति)। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने किसानों को फसल खरीद के नाम पर होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की है। कहा कि कुछ लोग अच्छी कीमत का लालच देकर किसानों से फसल ले लेते हैं। बाद में भुगतान में टालमटोल करते हैं या राशि का भुगतान ही नहीं करते।
ऐसे मामलों से बचने के लिए किसानों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। बीते सालों में पुलिस थानों में इस तरह के कई शिकायतें दर्ज हुई हैं। किसानों को अलर्ट करते हुए एसपी शिवानी मेहला ने कहा कि किसान फसल बेचने से पहले खरीदार के साथ अनिवार्य रूप से लिखित समझौता करें। समझौते में फसल का नाम, मात्रा, गुणवत्ता, प्रति यूनिट कीमत, कुल राशि, भुगतान का तरीका और भुगतान की तिथि स्पष्ट रूप से दर्ज हो। साथ ही खरीदार का नाम, पता और पहचान पत्र का विवरण भी शामिल किया जाए।
खरीदार की पहचान वैध पहचान पत्र से सत्यापित करने, बिना भुगतान या पर्याप्त सुरक्षा के पूरा माल न सौंपने तथा नकद लेन-देन से बचते हुए बैंक ट्रांसफर या अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान लेने की सलाह दी। खरीदार से हुई बातचीत का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की अपील की। धोखाधड़ी होने पर सूचना तुरंत 112 आपातकालीन हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस चौकी को दें, ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई की जा सके। संवाद