उदयपुर अस्पताल में मिलेगी हाईड्रोलिक डेंटल चेयर। संवादहाइड्रोलिक डेंटल चेयर
दो साल से थी खराब, विधायक अनुराधा ने दिए थे तत्काल चेयर खरीदने के निर्देश
दंत चिकित्सा के लिए मरीजों को नहीं लगाने होंगे 100 किमी दूर कुल्लू के चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लगभग तीस साल बाद नई हाइड्रोलिक डेंटल पेशेंट चेयर मिलने जा रही है। 1994 में खरीदी गई डेंटल चेयर पिछले करीब दो साल से खराब है। इस कारण दांत के मरीजों को इलाज में दिक्कत पेश आ रही है।
इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद विधायक अनुराधा राणा ने इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग को तत्काल नई डेंटल चेयर खरीदने के आदेश दिए। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि डेंटल पेशेंट चेयर की खरीद हो चुकी है। अब डेंटल पेशेंट चेयर जल्द उदयपुर सीएचसी को मिल जाएगी।
कहा कि जनजातीय क्षेत्र लाहौल के उदयपुर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब डेंटल हाइड्रोलिक चेयर जल्द उपलब्ध होगी। दंत चिकित्सा के लिए मरीजों को अब 100 किलोमीटर दूर जिला कुल्लू के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने डेंटल हाइड्राेलिक चेयर की खरीद कर ली है। इस बात की पुष्टि लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने की है। उदयपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवी सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों ने इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। अनुराधा ने विधायक बनते ही डेंटल चेयर खरीदने के लिए विभाग को निर्देश दिए थे। देवी सिंह ने कहा कि उदयपुर उपमंडल के लोगों को लगभग तीस साल बाद अस्पताल में नई हाइड्रोलिक डेंटल पेशेंट चेयर मिलेगी और दांत के मरीजों को सहूलियत मिलेगी। कहा कि दांत के मरीजों को अब यहीं उपचार मिलेगा।