कुल्लू में आमरण अनशन पर बैठे बलदेव ठाकुर उर्फ वंटी।-संवाद
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में समाजसेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी और अन्य लोगों का आमरण अनशन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। लगातार बारिश के बावजूद वह प्रदर्शनी मैदान में लगाए गए तंबू में अनशन पर डटे रहे।
उनके समर्थन में कई युवा भी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। शुक्रवार को भाजपा के बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी और आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के साथ अनशनकारियों से मिलने पहुंचे।
उनके साथ भाजपा नेता नरोत्तम ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, जिला भाजपा प्रभारी बिहारी लाल शर्मा और जिला परिषद सदस्य अनिल राणा भी मौजूद रहे।
इस दौरान अनशनकारियों ने विधायकों को बताया कि उन्हें अनशन पर बैठे पांच दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उनका आरोप है कि महिला की मौत के मामले में पारदर्शी जांच शुरू करने के बजाय प्रशासन बातचीत के लिए भी आगे नहीं आ रहा है।
अनशनकारियों ने बताया कि बंटी सराजी पांच दिन से आमरण अनशन पर हैं, जिसके चलते उनका करीब चार किलोग्राम वजन कम हो चुका है और उनका रक्तचाप भी गिर गया है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक वार्ता की कोई पहल नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।