उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल में सोमवार को बर्फबारी से एचआरटीसी की बस सेवाएं एक बार फिर ठप पड़ गई है। घाटी के अंदरुनी मुख्य मार्ग केलांग-उदयपुर-तिंदी और केलांग-दारचा सड़क में दोपहर तक एचआरटीसी की बसें चलती रहीं। दोपहर बाद बर्फबारी होने से बस सेवाएं बाधित हुईं।
हालांकि अटल टनल रोहतांग के रास्ते केलांग-मनाली के बीच बस सेवाएं सोमवार को सुबह से ही बंद रहीं। आवश्यक कार्यों के लिए सफर करने वालों ने टैक्सियों का सहारा लिया। अब निगम की बसों का संचालन मौसम और सड़कों की स्थिति पर निर्भर करेगा। गौर रहे कि बर्फबारी से वाहनों के स्किड होने का खतरा रहता है। ऐसे में बस संचालन जोखिम भरा होता है।
एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने कहा कि केलांग-मनाली-कुल्लू के बीच बस सेवा अटल टनल रोहतांग के रास्ते बर्फबारी के कारण सोमवार को पूरी तरह से बाधित रही। आगामी बस संचालन सड़क और मौसम की स्थिति पर निर्भर रहेगा।
बर्फबारी से होगा फायदा
घाटी में लंबे समय के बाद बर्फबारी को किसान-बागवान राहत मान रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार फरवरी में बिलकुल भी बर्फबारी नहीं हुई है। इस समय बर्फबारी से किसान, बागवानों को आगामी फसल सीजन में सिंचाई के लिए पानी की किल्लत नहीं रहेगी।