केलांग से भी मनाली के लिए आईं तीन सरकारी बसें
बस सेवा बहाल होने से यात्रियों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मौसम खुलने और यातायात के लिए सड़क ठीक होने पर एचआरटीसी के केलांग डिपो ने एक बार फिर केलांग-मनाली के बीच नियमित बस सेवा शुरू कर दी है।
हालांकि, बुधवार को लाहौल से मनाली के लिए ट्रायल के तौर पर सवारियों के साथ तीन बसें मनाली के लिए भेजी गई थीं। वीरवार को निगम प्रबंधन ने 10 बजकर 52 मिनट पर कुल्लू से केलांग के लिए भी एक बस भेजी।
केलांग से मनाली के लिए वीरवार सुबह पहली बस सुबह 10:30 बजे आई। उसके बाद दोपहर 1:30 बजे, 3:30 और शाम 4:00 बजे मनाली के लिए भेजी गई। लाहौल-मनाली-कुल्लू के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों को एक बार पुनः बस सेवा मिलने से काफी राहत मिली है। खासकर महिलाओं के लिए 50 फीसदी किराये में कटौती पर उन्हें बस का सफर काफी सस्ता पड़ता है। टैक्सियों में उनके लिए यह सफर चार गुना अधिक महंगा पड़ता है। बसों में पुरुष यात्रियों को केलांग से कुल्लू के लिए 247 रुपये और महिलाओं को प्रति सीट 125 रुपये किराया अदा करना पड़ता है।
बीते रविवार को हुई बर्फबारी के बाद दो दिन तक केलांग-मनाली के बीच बस सेवा बंद हो गई थी। बर्फबारी से बस सेवा बंद होने के बाद स्थानीय टैक्सी ऑपरेटर ही लोगों को परिवहन की सुविधाएं देते हैं। अटल टनल रोहतांग बनने के जाने के बाद लाहौल के लिए शीतकालीन हेलिकाप्टर सेवाएं बंद कर दी गई हैं। उधर, परिवहन निगम के केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी रतन वर्मा ने कहा कि वीरवार को लाहौल से मनाली के लिए चार और कुल्लू से केलांग के लिए एक बस भेजी गई। उन्होंने कहा कि हालात के हिसाब से लोगों को बस सुविधा का लाभ दिया जाएगा।