मनाली के सोलंग वैली में बर्फ के बीच मस्ती करते पर्यटक।-संवाद
घाटी के बर्फबारी के कारण तीन फरवरी से बंद पड़ी थी बसों की आवाजाही
अब तक 276 मार्ग बहाल, 14 संपर्क मार्गों की बहाली का कार्य जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। अटल टनल रोहतांग होकर केलांग-मनाली-कुल्लू के बीच 12 दिन बाद बस सेवा शुरू हो गई है। घाटी में हुई बर्फबारी के चलते तीन फरवरी से केलांग-मनाली-कुल्लू के बीच बस सेवा बंद थी।
जैसे ही मौसम साफ हुआ, उसके बाद बीआरओ ने मार्ग बहाली का कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन बार-बार हो रही बर्फबारी के कारण बहाली का कार्य प्रभावित होता रहा। अब रविवार से परिवहन निगम ने इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी है।
हालांकि, शुक्रवार को कुल्लू-केलांग के बीच बस का ट्रायल किया गया था। ट्रायल सफल रहने के चलते शनिवार से नियमित बस सेवा शुरू करने की योजना थी। बीते शनिवार को अटल टनल रोहतांग के आसपास हल्की बर्फबारी होने के चलते कुल्लू से केलांग के लिए निकली बस को मनाली से ही वापस भेजा गया था। ऐसे में अब मौसम साफ होने पर रविवार सुबह से बस सेवा शुरू कर दी गई है। घाटी के भीतर केलांग-उदयपुर और केलांग-दारचा के साथ उदयपुर-तिंदी के बीच बसों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है। अब तक लाहौल में 276 मार्ग बहाल हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने 276 संपर्क मार्ग बहाल कर दिए हैं। शेष 14 सड़कों को बहाल करने का कार्य जारी है। लोक निर्माण विभाग ने उदयपुर और काजा उपमंडल में सभी संपर्क मार्ग बहाल कर दिए हैं।
केलांग अड्डा प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि मौसम साफ होते ही रविवार को केलांग-कुल्लू बीच बसों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। केलांग से पहली बस मनाली के लिए सुबह 10:30 बजे मनाली के लिए भेजी गई। यह दोपहर बाद 2:00 बजे मनाली से केलांग के लिए वापस आई।