वोल्वो और एसी बसों के लिए अभी करना होगा इंतजार
04:30 जालंधर और 03:24 बजे दिल्ली हाे रहीं हैं रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो ने मनाली-दिल्ली और मनाली-जालंधर रूट पर बस सेवा शुरू कर दी है। एक माह के बाद मनाली से लंबे रूट पर बसों का संचालन हो रहा है।
बीते दिनों मनाली में आई आपदा के बाद से राइट बैंक से कुल्लू-मनाली के बीच हाईवे बाधित रहा। इससे बसों का संचालन मनाली से नहीं हो पाया लेकिन अब दोपहर और शाम को मनाली से ही साधारण बसों की दो रूटों पर सेवा आरंभ कर दी गई है। हालांकि सवारियों को वोल्वो और एसी बसों के संचालन का अभी इंतजार करना होगा।
मनाली से दिल्ली के लिए बस दोपहर बाद 03:24 और मनाली से जालंधर के लिए 04.30 बजे एचआरटीसी बस रवाना हो रही है। लगभग एक माह बाद इस बस सेवा से राइट बैक के लोगों को काफी राहत मिली है। 26 अगस्त को मनाली में आई बाढ़ के कारण मनाली से कुल्लू के मध्य हाईवे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे अब दुरुस्त किया जा रहा है। ऐसे में अब जैसे-जैसे हाईवे ठीक हो रहा है तो अब धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही भी आरंभ हो गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो दशहरा तक कुल्लू-मनाली हाईवे सभी वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। अड्डा प्रभारी कुल्लू खूबराम ने कहा कि आपदा के बाद अब जब हालात सामान्य हुए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अपनी मनाली से लंबे रूट की बस सेवा को पुनः बहाल कर दी है, जिससे लोगों को भी काफी राहत मिलेगी ।
भेखली-ब्यासर सड़क पर एक माह बाद दौड़ी बस
जिला मुख्यालय के साथ सटे भेखली-ब्यासर क्षेत्र के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बस सेवा आरंभ कर दी है। बरसात के दिनों में भारी बारिश से सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके कारण एक माह से बस सेवा भेखली-ब्यासर रूट पर बंद रही। इससे क्षेत्र के कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा लेकिन अब बस सेवा आरंभ होने से ग्रामीणों की दिक्कतें कम होंगी और यातायात सुविधा सुचारू रूप से मिलेगी।