पतलीकूहल (कुल्लू)। एचपीवी टीकाकरण भविष्य में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल) सहित एचपीवी से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बात स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारी नग्गर डॉ. कर्णजीत ने कही। डीएवी कटराईं में एचपीवी टीकाकरण पर शनिवार को जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं और उनके अभिभावकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। जागरूकता सत्र में डॉ. करणजीत सिंह मुख्य वक्ता उपस्थित रहे।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण का महत्व, इसके लाभ और टीकाकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए टीकाकरण को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया और पात्र किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अभिभावकों को जागरूक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षिका ममता चौहान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी इशिका ठाकुर, प्रधानाचार्य चंद्रिका मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।