कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों और तीमारदारों को हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) के पौष्टिक उत्पाद मिलेंगे। अस्पताल में एचपीएमसी का काउंटर जल्द स्थापित किया जाएगा। इससे मरीजों और तीमारदारों को उचित दरों पर अस्पताल में ही ताजे फल एवं पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। काउंटर में फल, जूस और अन्य उत्पाद उपलब्ध रहने से अब मरीजों और तीमारदारों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा दुकानों में मिलने वाले महंगे उत्पादों से भी राहत मिलेगी।
कुल्लू अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ और मरीजों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की गवर्निंग बॉडी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में उपायुक्त कुल्लू एवं उपाध्यक्ष आरकेएस अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। कहा कि इसी के तहत कुल्लू अस्पताल में एचपीएमसी का काउंटर स्थापित करने का फैसला आरकेएस की बैठक में लिया गया है। इससे मरीजों और तीमारदारों को फलों के साथ जूस और अन्य उत्पाद बाजार से कम दामों पर अस्पताल में ही मिल पाएंगे।
...
प्रदेश के किन संस्थानों में स्थापित हैं काउंटर
हिमाचल प्रदेश में पहले से ही स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीएमसी के काउंटर स्थापित हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज टांडा, आईजीएमसी शिमला, हमीरपुर और ऊना अस्पताल शामिल हैं। इनके बाद अब जिला कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में काउंटर स्थापित होगा, जिसका मरीजों और तीमारदारों को फायदा मिलेगा।
000