लारजी (कुल्लू)। शिक्षा खंड सैंज की राजकीय प्राथमिक पाठशाला दुशाहड़ का भवन जर्जर हालत में है। भवन की छत से रेत और सीमेंट गिर रहा है। अब छत का सरिया भी दिखाई देने लगा है। जर्जर छत कभी भी गिर सकती है। विद्यालय में अध्ययनरत करीब 40 नौनिहालों की जान जोखिम में है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि वे वर्ष 2012 से भवन की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। विभागीय उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यह लापरवाही बच्चों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है। अभिभावक यशवंत ठाकुर, खेमराज बिष्ट और कमल किशोर ने बताया कि विद्यालय भवन अत्यंत खस्ताहालत में है। इसी भवन में बच्चों की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। बारिश में छत पर पानी जमा हो जाता है, जिससे भवन के ढहने का खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि सैंज-दुशाहड़-देवगढ़ सड़क से आने वाला पानी निकासी न होने के कारण विद्यालय परिसर में भर रहा है। इससे परिसर में गाद जमा हो रही है।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसी समस्या है, तो खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज ने कहा कि कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए जाएंगे कि सैंज-दुशाहड़-देवगढ़ सड़क पर निकासी नालियों की स्थिति में सुधार किया जाए।
...
सैंज-दुशाहड़-देवगढ़ सड़क का सारा पानी बारिश में मलबे के साथ विद्यालय परिसर में आ जाता है। इससे भवन के गिरने का खतरा बढ़ जाता है।
-सुभाष, स्थानीय निवासी
...
विद्यालय का भवन साल 1990 में बना है। भवन पुराना और जर्जर है और इसके ढहने से नौनिहालों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है।
-सीता राम, स्थानीय निवासी
...
विद्यालय भवन का विभाग निरीक्षण करे और नौनिहालों की सुरक्षा को देखते हुए इसे असुरक्षित घोषित किया जाए।
-दीप बिष्ट, स्थानीय निवासी
000