इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन के 16 दिन बाद भी नहीं हटाया घर में घुसा मलबा
कई मकानों के भूस्खलन की जद में आने का खतरा, अभी तक नहीं मिली फौरी राहत
आरोप... अभी तक नहीं लग पाई सुरक्षा दीवार, डीसी से मिलने के बाद भी राहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन से मकान में घुसे मलबे को 16 दिन बाद भी नहीं हटाया गया है। मठ क्षेत्र में भूस्खलन के मलबे से रोहित अत्री का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है।
इस कारण उनके परिवार के 6 सदस्य किराए का कमरा लेकर 16 दिन से रामशिला में रह रहे हैं। प्रशासन की ओर से एक दिन तहसीलदार, एसडीएम सहित बड़े अधिकारी तो पहुंचे, लेकिन उसके बाद न तो प्रभावित परिवार को फौरी राहत मिली और न ही उन्हें मकान को ठीक करने के लिए मुआवजा मिल पाया है। प्रशासन और नगर परिषद ने भी मकान में घुसे मलबे को हटाने में भी किसी तरह का सहयोग नहीं दिया। अब मठ क्षेत्र से और भूस्खलन होने का खतरा है। इसके मलबे की जद में साथ लगते मकान भी आ सकते हैं।
भूस्खलन प्रभावित रोहित अत्री और रमन कुमार ने बताया कि वे परिवार के साथ 16 दिन से किराये के कमरे में रह रहे हैं। प्रशासन से अभी तक न फौरी रहत मिली है और न मकान में गिरा मलबा हटाया गया है। वे आसपास के लोगों के साथ डीसी से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अभी तक न सुरक्षा दीवार का काम शुरू हुआ है और न राहत मिली है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को भारी बारिश और जलशक्ति विभाग का सीवरेज चैंबर लीक होने से भूस्खलन से इनर अखाड़ा बाजार में घरों को नुकसान पहुंचा था। इससे रोहित अत्री का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ लगते संजीव महंत के मकान में भी मलबा घुसा था। चंद्र अत्री, राजन सोहल, राजेश सूद, अजय सूद के मकानों को भी खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि समय पर उचित कदम उठाए जाएं। उधर, तहसीलदार कुल्लू हरी सिंह यादव ने कहा कि मामले में स्पेशल केस बनाया जाएगा।