मनाली। होटलियर एसोसिएशन मनाली ने पर्यटन नगरी की कमजोर सफाई व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई है। शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी करुण भरमौरिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग रखते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
मनाली शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। घर-घर कूड़ा एकत्रीकरण की व्यवस्था होने के बावजूद कई स्थानों पर खुले में कचरा फेंका जा रहा है। सोलंगनाला क्षेत्र में भी स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
रोशन ठाकुर ने बताया कि एसोसिएशन ने व्यापार मंडल को भी पत्र लिखा है, जिसमें शहर में प्लास्टिक और अन्य डिस्पोजेबल प्लेट व कप के उपयोग को पूर्ण रूप से बंद करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान एसोसिएशन के महासचिव गौरव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। संवाद