यदि सब सही रहा तो जल्द ही फांचा वाया नंती टिक्कर से होकर श्रीखंड यात्रा शुरू हो पाएगी। क्षेत्र के शिव भक्त बीते 12 वर्ष से इस यात्रा के शुरू होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। श्रीखंड यात्रा के पूरे मार्ग का निरीक्षण करने के लिए रामपुर से सात सदस्यीय दल रवाना हो चुका है। इस दल में चार सदस्य अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स मनाली के हैं। इसके अलावा दो स्थानीय प्रशिक्षित युवक और एक वन विभाग का कर्मचारी भी टीम में शामिल है।
टीम का मुख्य उद्देश्य मार्ग की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता का जायजा लेना है। यह टीम रविवार को रामपुर वापस पहुंचेगी। अब इस टीम के फैसले पर श्रीखंड यात्रा के शुरू होने की आस बंधी है। वन विभाग सराहन श्रीखंड यात्रा को शुरू करने के लिए काफी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
पूरे मार्ग को नक्शे पर उतारा
विभाग के रेंज अधिकारी कुंदन नेगी ने कहा कि इस यात्रा के शुरू होने से ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए विभाग ने श्रीखंड यात्रा के पूरे मार्ग को नक्शे पर उतार दिया है। यहां तक कि इस यात्रा के लिए कितने मार्ग जाते हैं, वो भी नक्शे में दिखाए गए हैं। इस बार श्रीखंड यात्रा को वाया बागीपुल, जाओ होकर बंद किया गया है। प्राकृतिक आपदा के खतरे, यात्रा मार्ग को हुए नुकसान और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस यात्रा को बंद किया गया है। रामपुर से फांचा वाया नंती टिक्कर इस यात्रा के शुरू होने की उम्मीद है। ज्यूरी के पवित्र शिव धाम उन्नू महादेव से श्रीखंड महादेव के लिए जाने वाली छड़ी यात्रा भी 2014 से बंद पड़ी है। श्रीखंड रवाना हुआ दल यदि यात्रा शुरू करने को लेकर हामी भरता है, तो हजारों शिव भक्तों को राहत मिलेगी और वे इस ट्रैक से श्रीखंड महादेव के दर्शन कर पाएंगे।
फांचा वाया नंती टिक्कर श्रीखंड महादेव के लिए सात सदस्यीय दल रवाना हुआ है। यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा और ठहराव स्थल जैसी मूलभूत सुविधाएं तलाशी जा रही हैं। जैसे ही दल वापस पहुंचकर रिपोर्ट सौंपता है, उसे उच्च विभाग को सौंप दिया जाएगा।
हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम रामपुर
श्रीखंड यात्रा शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात होगी। यात्रा शुरू होने से ईको टूरिज्म बढ़ेगा और क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।
- विकेश चौहान, प्रबंध निदेशक, हिमकॉन
वन विभाग ने फांचा वाया नंती टिक्कर श्रीखंड महादेव यात्रा का नक्शा किया तैयार। स्रोत : विभाग- फोटो : कपावली में झील की पैमाइश डीएम संतोष कुमार शर्मा,एसडीएम सदर सतेंद्र सिंह कीमौजूदगी में कराई गई। स्रोत विभाग