फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Snowfall: चार से पांच घंटे बर्फ में पैदल चलकर होटल तक पहुंचे पर्यटक, 60 घंटे से कुल्लू-मनाली NH जाम

Mon, 26 Jan 2026 01:57 PM IST
अंकेश डोगरा संजय भारद्वाज, मनाली।

सार

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मनाली में जाम लगने से पर्यटक घंटों कई किलोमीटर बर्फ में पैदल चलकर होटल पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
बर्फबारी में फंसे पर्यटक - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पर्यटन नगरी में राहत लेकर आई बर्फबारी आफत बन गई है। 60 घंटे से भी अधिक समय से नेशनल हाईवे जाम है। 23 जनवरी को बर्फबारी शुरू होने के बाद से ही हालत बिगड़ गए हैं। शासन, प्रशासन और एनएचएआई पर सवाल उठने लगे हैं। बर्फबारी से निपटने के इंतजामों के लिए बंद कमरों में होने वाली सरकारी बैठकें वहीं तक सिमट कर रह गई हैं। धरातल पर सब बदइंतजामी दिख रही है। सड़क से पूरी तरह बर्फ नहीं हटने और वाहन फिसलने होने से जाम लग रहा है।

विज्ञापन


Trending Videos

समय : सुबह 11 बजे, दिन : रविवार। मनाली के सर्किट हाउस से लगी वाहनों की लाइन फोरलेन पुल से नेशनल हाइवे पर लेफ्ट और राइट बैंक की दोनों सड़कों पर देखने को मिली। अपना सामान उठाकर पर्यटक पैदल ही मनाली से लौटे। कई पर्यटक घंटों कई किलोमीटर बर्फ में पैदल चलकर होटल पहुंचे। मनाली से क्लाथ तक लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में वाहनों की लंबी लाइन लगी है। मनाली आने वाले कई पर्यटकों को शनिवार की रात भी वाहनों में गुजारनी पड़ी। वामतट मार्ग कुल्लू-मनाली में भी गोजरा तक जाम लगा रहा। गोजरा में स्थानीय लोगों ने पर्यटकों के रहने और भोजन आदि की व्यवस्था की। कई पर्यटक वाहनों में ही रुके। शनिवार को मनाली के लिए निकले पर्यटक रविवार सुबह मनाली पहुंचे।

होटल कर्मचारी सूरज ने बताया कि वह पर्यटकों को लेने पतलीकूहल गए थे। शनिवार शाम वह पतलीकूहल से मनाली के लिए निकले, रात को क्लाथ में ही जाम में फंस गए। पूरी रात भूखे-प्यासे गुजारने के बाद मनाली पहुंच पाए। कई पर्यटक पतलीकूहल से ही पैदल मनाली आए। दिल्ली से आईं आरती ने बताया कि जाम से हाल बेहाल है। रातभर सफर के बाद वह सुबह चार बजे रांगड़ी पहुंचे। यहां से पैदल मनाली में बुक किए होटल का रुख किया। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासन तीन दिन से व्यवस्था बनाने में जुटा है। अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। वाहन दोनों तरफ से चलने शुरू हो गए हैं। फंसी वोल्वो बसें भी निकाल ली गई हैं। एनएचएआई के परियोजना अधिकारी वरुण चारी ने बताया कि मशीनरी लगाई गई है। बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

संघर्ष की कहानी... पर्यटकों की जुबानी
उत्तर प्रदेश से आए पर्यटक समीर ने बताया कि वह शनिवार से मनाली पहुंचने के लिए सफर कर रहे हैं। रविवार को मनाली पहुंचे। इसके लिए लगभग पांच किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। अतुल ने कहा कि बर्फबारी देखने की हसरत में वह मनाली आए लेकिन यातायात जाम की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों तक वह जाम में ही फंसे रहे। उत्तर प्रदेश के दानिश ने कहा कि मनाली पहुंचने में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह कई किलोमीटर पैदल चलकर मनाली पहुंचे। पतलीकूहल से ही वह पैदल मनाली पहुंचे।
विज्ञापन

बर्फ ने मनाली की राह रोकी तो कुल्लू बन गया ठिकाना
बर्फबारी के बाद मनाली का जनजीवन ठहर गया है। पतलीकूहल से आगे एनएच मनाली तक फोर बाई फोर वाहनों के लिए ही बहाल है। पर्यटक मनाली तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं। बर्फ का दीदार करने निकले पर्यटकों के कदम कुल्लू में ही रुक रहे हैं। ऐसे में कुल्लू के अधिकतर होटल पैक हैं।

होटलों में कमरे न मिलने से कई पर्यटकों ने आसपास के होम स्टे का भी रुख किया है। कई पर्यटक भुंतर और कसोल में रुके हैं। गौर रहे कि बीते दिनों कुल्लू और लाहौल में बर्फबारी की खबर सुनते ही भारी संख्या में पर्यटकाें ने वीकेंड पर कुल्लू मनाली का रुख किया। पर्यटक मंडी जिले की सीमा पार कर भुंतर और कुल्लू पहुंचे तो उन्हें पता चला कि मनाली तक रास्ता बंद है। ऐसे में शनिवार शाम को अखाड़ा बाजार, ढालपुर, भुंतर में पर्यटक होटल तलाशते रहे। बर्फबारी के बाद आम तौर पर पर्यटक मनाली से पीछे नहीं रुकते थे। पतलीकूहल से आगे फोर बाई फोर ही चल रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों की राह आसान नहीं है।

पंजाब से आए आकाश और समरजीत ने कहा कि वे मनाली के लिए निकले थे। उन्हें कुल्लू में ही रुकना पड़ा। रविवार को उन्होंने बिजली महादेव का रुख किया। मणिकर्ण वैली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी के बाद मणिकर्ण घाटी समेत जिले में पर्यटन कारोबार को गति मिली है।

बर्फबारी से मनाली एवं स्थानीय संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इन्हें बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि इनमें कुछ समय लग सकता है। पर्यटक अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 जनवरी को फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। अगर बर्फबारी से पतलीकूहल से आगे सड़क बंद हो जाती है तो मनाली की ओर जाने वाले वाहनों को भुंतर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री राइट बैंक मार्ग का प्रयोग करें - तोरुल एस रवीश, उपायुक्त, कुल्लू
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें