जिले से पहली बार किसी युवा ने सिल्वर स्क्रीन पर कदम रखा है। लाहौल की खंगसर पंचायत के नूकर गांव के 25 वर्षीय अंशुल डोगरा ने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखते हुए ‘हेलो बच्चों’ वेब सीरीज में अभिनय किया है।
वह नेटफ्लिक्स में हेलो बच्चों वेब सीरीज के तीसरे भाग में नजर आएंगे। यह सीरीज यूपी के शिक्षक और ऑनलाइन शिक्षा मंच संस्थापक अलख पांडे की कहानी पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से लाखों वंचित बच्चों के जीवन में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंशुल नूकर निवासी अमीर चंद डोगरा और विमला डोगरा के बेटे हैं। अंशुल ने दिल्ली विवि के एटमा राम सनातन धर्म कॉलेज से स्नातक की है। इसी दौरान रंगमंच से जुड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखा और अपनी कला को निखारना शुरू किया। उन्होंने हिमाचल के रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में भी नाट्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। रंगमंच से शुरू हुई उनकी यह यात्रा अब डिजिटल मंच तक पहुंच गई है।
अंशुल की इस प्रारंभिक सफलता से न केवल उनके माता-पिता बल्कि पूरे लाहौल-स्पीति और हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। विधायक अनुराधा राणा ने अंशुल की इस उपलब्धि ने लिए उनके परिजनों को बधाई दी है।