कुल्लू और मंडी जिले की सीमा पर स्थित गाड़ागुशैणी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले में युवक की प्रेमिका के पति समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। दूसरी ओर प्रेमी की मौत से प्रेमिका को गहरा सदमा लगा है और उसे कुल्लू अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मृतक की पहचान दीपक कुमार झा निवासी हाउस नंबर 2390 गली नंबर 36बी ब्लॉक पहला पुस्ता सोनिया विहार नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दीपक 6 जनवरी को चंडीगढ़ से हरियाणा नंबर की टैक्सी लेकर जिभी पहुंचा और रात को वहीं रुका। 7 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे वह गाड़ागुशैणी में प्रेमिका के घर पहुंचा। इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर बंजार की ओर ले गया, लेकिन बाहू के पास प्रेमिका के मायके पक्ष और अन्य लोगों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी।
घायल दीपक जब टैक्सी से जिभी लौटा तो दो बाइकों पर सवार लोग उसका पीछा करते हुए उसे दोबारा गाड़ागुशैणी तक ले गए, जहां फिर से उसकी पिटाई की। टैक्सी चालक लवली (हरियाणा) ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी। पुलिस ने घायल दीपक को बंजार अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शव को कुल्लू अस्पताल के शवगृह में रखा गया है और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है।